कोटा-बूंदी क्षेत्र के लोगों का ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट का सपना अब साकार होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में इस प्रोजेक्ट को मंजूरी दे दी गई है। केंद्रीय कैबिनेट ने कोटा ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के लिए कुल 1507 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया है, जो इस परियोजना को गति देगा। कोटा बूंदी में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट का सपना होगा साकार, कैबिनेट ने दी 1507 करोड़ की मंजूरी
निर्माण कार्य दिसंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य
नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अनुसार, कोटा ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट का निर्माण कार्य दिसंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद यहाँ से नियमित विमान सेवा शुरू हो सकेगी। इस महत्वाकांक्षी परियोजना की लगातार निगरानी लोकसभा कैंप कार्यालय और उड्डयन मंत्रालय द्वारा की जा रही है।
एयरपोर्ट की मुख्य विशेषताएं
यह नया एयरपोर्ट कोटा शहर से लगभग 25 किलोमीटर दूर बनाया जाएगा और इसमें निम्नलिखित सुविधाएं होंगी: रनवे: 3200 मीटर लंबा और 45 मीटर चौड़ा रनवे। इस रनवे पर ए-321 जैसे बड़े विमान आसानी से उड़ान भर सकेंगे।
एयरक्राफ्ट पार्किंग: ए-320 जैसे तीन बड़े विमानों की एक साथ पार्किंग की सुविधा होगी।
यात्री क्षमता: प्रतिदिन 1000 यात्रियों का आवागमन हो सकेगा।
पार्किंग: 250 कार और पब्लिक ट्रांसपोर्ट के लिए पार्किंग की सुविधा रहेगी।
टेंडर प्रक्रिया हुई तेज
एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) ने इस प्रोजेक्ट के निर्माण कार्य को गति दे दी है।
पहला चरण: फरवरी 2025 में AAI ने पहले चरण के लिए 467.67 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया था, जिसमें रनवे, टैक्सी-वे और एप्रन जैसे कार्य शामिल थे।
दूसरा चरण: जुलाई 2025 में 384.79 करोड़ रुपये का दूसरा टेंडर जारी किया गया, जिसके तहत नया टर्मिनल भवन, एटीसी टॉवर, फायर स्टेशन, कार पार्किंग और सिटी साइड डेवलपमेंट जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।
इन दोनों चरणों को मिलाकर अब तक कुल 850 करोड़ रुपये से अधिक के कार्य टेंडर प्रक्रिया में आ चुके हैं। निर्माण कार्यों के लिए 18 महीने की समय-सीमा निर्धारित की गई है।
यह एयरपोर्ट न केवल कोटा बल्कि पूरे हाड़ौती क्षेत्र के विकास के लिए एक बड़ा कदम साबित होगा।
Discover more from HadotiNews24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
