बारां: जिले के शाहबाद उपखंड में एक बेहद हृदय विदारक घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। महोदरा गांव में रक्षाबंधन का त्योहार मनाने अपने पीहर आई एक महिला और उसके दो मासूम बच्चों की जहरीले सांप के काटने से मौत हो गई। यह दर्दनाक हादसा तब हुआ जब तीनों एक ही बिस्तर पर सो रहे थे। इस घटना के बाद से पूरे गांव में गहरा मातम पसरा हुआ है और हर कोई सदमे में है।शाहबाद: रक्षाबंधन पर मातम, सांप के डसने से मां और दो बच्चों की दर्दनाक मौत, गांव में शोक की लहर
जानकारी के अनुसार, शिवपुरी (मध्य प्रदेश) निवासी पिंकी (30) पत्नी ब्रजेश अपने बेटे प्रिंस (7) और बेटी नेहा (5) के साथ रक्षाबंधन मनाने के लिए शाहबाद के महोदरा गांव में अपने पिता के घर आई थीं। परिजनों और बच्चों में त्योहार को लेकर खासा उत्साह था, लेकिन किसे पता था कि यह खुशी चंद घंटों में मातम में बदल जाएगी। सोमवार रात मां और दोनों बच्चे एक कमरे में एक ही बिस्तर पर सो रहे थे।
मंगलवार सुबह करीब 5 बजे अचानक पिंकी और बच्चे चिल्लाने लगे। उनकी चीख-पुकार सुनकर घर के अन्य सदस्य तुरंत उस कमरे में पहुंचे। परिजनों ने देखा कि तीनों की तबीयत अचानक बिगड़ रही थी और उनके मुंह से झाग निकल रहा था। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए, परिवार के लोग तीनों को लेकर केलवाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचे। वहां मौजूद डॉक्टरों ने पिंकी, प्रिंस और नेहा की जांच की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
इलाज में देरी से गई जान गांव के लोगों ने बताया कि घटना सुबह 5 बजे की है। घटना की पता लगने के बाद तीनों को सिरसौद स्थित एक स्थान पर लेकर गए थे। जहां झाड़ फूंक के चक्कर में इलाज में देरी हुई हे। तबियत अधिक बिगड़ने पर परिजन सुबह करीब 10 बजे तीनों को केलवाड़ा सीएचसी लेकर पहुंचें तक उनकी मौत हो चुकी थी।
इस घटना की सूचना मिलते ही केलवाड़ा थाने के एसएचओ मान सिंह मीणा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि प्राथमिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि तीनों की मौत जहरीले करैत सांप के काटने से हुई है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। यह खबर सुनते ही गांव में हाहाकार मच गया। पिंकी के पति ब्रजेश को घटना की जानकारी दी गई है।
एक साथ तीन जिंदगियां छीनने वाली इस घटना से गांव का हर व्यक्ति गम में डूबा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिन बच्चों के हाथों में राखी बंधवाने का इंतजार था, उनकी मौत ने पूरे परिवार को तोड़ दिया है। यह घटना मॉनसून के दौरान ग्रामीण इलाकों में सांपों के खतरे की एक भयावह याद दिलाती है। प्रशासन और स्थानीय लोगों से ऐसी घटनाओं के प्रति सतर्क रहने की अपील की जा रही है ताकि भविष्य में ऐसी त्रासदी से बचा जा सके।
Discover more from HadotiNews24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
