अंता, बारां: बारां जिले के अंता थाना क्षेत्र में बदमाशों का दुस्साहस देखने को मिला है। सोमवार रात करीब 2 बजे सीसवाली रोड स्थित अंबिका पेट्रोल पंप पर 6 नकाबपोश बदमाशों ने सो रहे दो कर्मचारियों को बंधक बनाकर एक लाख रुपये की बड़ी लूट को अंजाम दिया। यह घटना पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती बन गई थी, लेकिन त्वरित कार्रवाई से पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिसमें एक नाबालिग भी शामिल है।
कैसे हुई वारदात?
रात के अंधेरे में, 6 नकाबपोश बदमाश पेट्रोल पंप पर पहुंचे। उन्होंने वहां सो रहे दो कर्मचारियों, आरिफ हुसैन और धनराज पोटर को पकड़ लिया। बदमाशों ने उनके हाथ-पैर रस्सियों से बांध दिए और मुंह पर टेप लगा दी। इसके बाद उन्होंने कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी देकर आतंकित किया।
इसके बाद बदमाश पंप के कमरे में घुसे और सरियों की मदद से लोहे की तिजोरी को तोड़ दिया। तिजोरी में रखे करीब 1 लाख रुपये कैश लेकर वे मौके से फरार हो गए। इस दौरान बदमाशों की पूरी करतूत सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
लूट के बाद सुबह करीब 3 बजे कर्मचारियों ने किसी तरह अपने मुंह की टेप हटाई और पंप मालिक राजकुमार नंदवाना को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पंप मालिक और अंता पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
बारां एसपी अभिषेक अंदरासु ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित कीं। सीसीटीवी फुटेज की जांच में एक आरोपी के हाथ में पीतल का कड़ा दिखा, जिसकी मदद से पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने उसकी पहचान लवकुश के रूप में की, जो पंप पर ही सफाई का काम करता था।
आरोपियों की गिरफ्तारी
पुलिस को लवकुश की लोकेशन खेतों में मिली। पुलिस जब टार्डखेड़ा गांव पहुंची तो लवकुश और उसके 5 साथी झाड़ियों में छिपे मिले। पुलिस ने सभी 6 आरोपियों को डिटेन किया। पूछताछ में सभी ने वारदात करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने इस मामले में प्रदीप सुमन (20), लवकुश (19), प्रदीप (20), रामदेव (25) और सियाराम (20) को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी टार्डखेड़ा गांव के ही रहने वाले हैं। एक नाबालिग को भी निरुद्ध किया गया है।
आरोपियों ने बताया कि उन्होंने मौज-मस्ती और खर्च के लिए पैसों की जरूरत के चलते इस डकैती की योजना बनाई थी। उन्होंने यह भी बताया कि पंप पर रोजाना 3 से 4 लाख रुपये की बिक्री होती है। डकैती की योजना 15 दिन पहले ही बनाई गई थी, जिसके लिए उन्होंने चाकू, सब्बल, रस्सी,
मुखौटे और टेप जैसे उपकरण खरीदे थे।
पुलिस सभी आरोपियों से आगे की पूछताछ कर रही है। इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि पुलिस कितनी मुस्तैदी से काम करती है और अपराधियों को बख्शती नहीं है। बारां जिले के अंता में फिल्मी स्टाइल में लूट: पेट्रोल पंप कर्मचारियों को बंधक बनाकर डकैती
Discover more from HadotiNews24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
