कोटा। प्रदेश में बिगड़ती क़ानून-व्यवस्था, महंगाई, स्मार्ट मीटर और प्राकृतिक आपदाओं के मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने 10 सितंबर को आक्रोश रैली निकालने का ऐलान किया है। इसको लेकर रविवार को जिला कांग्रेस कमेटी कोटा (राज.) कार्यालय में प्रेसवार्ता आयोजित की गई। कोटा में कांग्रेस की आक्रोश रैली 10 सितंबर को: बीजेपी सरकार पर साधा निशाना
पूर्व विधायक प्रह्लाद गुंजल ने कहा कि केंद्र और राज्य की बीजेपी सरकार लोगों के अधिकारों पर डाका डाल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश खतरनाक दौर से गुजर रहा है और आम आदमी के वोट और अधिकारों को सत्ता के डर से छीना जा रहा है।
प्रदेश में अराजकता का माहौल
गुंजल ने कहा कि प्रदेश में चारों ओर अराजकता फैली हुई है। विकास नाम की कोई चीज़ नज़र नहीं आती। विशेषकर कोटा-बूंदी जिले के गांवों में अतिवृष्टि से करोड़ों का नुकसान हुआ है, लेकिन सरकार राहत देने के बजाय केवल फोटो खिंचवाने में व्यस्त है।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों को अब तक कोई मदद नहीं मिली है। राहत के नाम पर किए जा रहे प्रावधान ऊंट के मुंह में जीरे के बराबर हैं, जो पीड़ितों की भरपाई नहीं कर सकते।
स्मार्ट मीटर और निजीकरण पर हमला
गुंजल ने स्मार्ट मीटर के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर का मतलब है बिजली व्यवस्था को प्रीपेड सिस्टम और निजीकरण की ओर ले जाना। एक तरफ पीएम मोदी 80 करोड़ लोगों को 5 किलो गेहूं मुफ्त देने की बात करते हैं, वहीं दूसरी ओर उन्हीं गरीबों से स्मार्ट मीटर का पैसा वसूला जा रहा है।
रैली में कांग्रेस का दमख़म
कांग्रेस की आक्रोश रैली में पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा भी शामिल होंगे। हालाँकि विधानसभा सत्र चलने की वजह से प्रतिपक्ष के नेता संभवतः मौजूद न हों। शहर कांग्रेस अध्यक्ष रविंद्र त्यागी, देहात अध्यक्ष भानुप्रताप सिंह, रामगंजमंडी से कांग्रेस प्रत्याशी रहे महेंद्र राजौरिया सहित कई नेता इस रैली में मौजूद रहेंगे।
गुंजल ने कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस सड़कों पर उतरकर सरकार को जवाब देगी।
Discover more from HadotiNews24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
