कोटा। गणेशोत्सव के अवसर पर शहर के विभिन्न पंडालों में भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। श्री गणेश मित्र मंडल समिति छावनी की ओर से गोयल धर्मशाला के सामने सजे गणपति पंडाल में गुरुवार को विशेष भजन संध्या और जागरण का आयोजन किया गया। वहीं, जीएलडी गणेश मेला समिति की ओर से श्रीनाथपुरम स्टेडियम के सामने बने मंच पर स्टार नाइट का आयोजन हुआ, जिसमें रियलिटी शो डांस दीवाने के विजेता आदित्य पाटिल और राधिका शर्मा ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से समां बांधा। Kota Ganeshotsav: Aditya Patil और Radhika Sharma ने जमाया रंग
खाटू श्याम बाबा के जयकारों से गूंजा पंडाल
गणपति पंडाल में खाटू श्याम बाबा का दरबार सजाया गया। कार्यक्रम देर रात तक चला और गणपति वंदना से शुरू हुआ यह जागरण भक्तों के लिए भक्ति और संगीत का अनोखा अनुभव रहा।
भजन गायक संजय गोयल ने “कीर्तन की है रात बाबा आज थाने आनो है..” से कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इसके बाद भजन गायक कन्हैया प्रजापति ने गणपति और हनुमान वंदना प्रस्तुत की, जिसने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
यश शाक्यवाल ने “मोर छड़ी लहराई रे..” गाकर तालियां बटोरीं।
वहीं, राजू वाजपेई ने “मेरी झोपड़ी के भाग खुल जाएंगे श्याम आएंगे..” भजन से समां बांध दिया।
भजनों की यह श्रंखला देर रात तक चलती रही और पंडाल भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो गया।
स्टार नाइट में आदित्य पाटिल और राधिका शर्मा का जलवा
श्रीनाथपुरम स्टेडियम के सामने बने मंच पर आयोजित स्टार नाइट में हजारों की भीड़ उमड़ी।
डांस दीवाने फेम आदित्य पाटिल ने मंच पर आते ही “ए खुदा मुझको बता तू रहता कहां…” पर धमाकेदार डांस परफॉर्मेंस दी।
इसके बाद उन्होंने “शामें मलंग सी, रातें सुरंग सी..” गाने पर प्रस्तुति देकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
वहीं राधिका शर्मा ने गणेश वंदना “एकदंताय वक्रतुण्डाय धीमहि..” से कार्यक्रम का शुभारंभ किया और बाद में “ओ पालन हारे..” प्रस्तुत कर भक्तिमय माहौल बना दिया।
कोटा के कलाकारों में शिव भट्ट ने “शिवाला..” गीत गाया, जबकि शिवम योगी ने “इश्क वाला लव..” पर नृत्य प्रस्तुति दी।
विशाल सुमन ने गिटार पर “ओ सैयारा..” गाकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। देर रात तक गूंजते रहे भजन और सुर
पूरे आयोजन के दौरान गणपति बप्पा के जयकारों से पंडाल और स्टेडियम गूंज उठा। भक्त और श्रोता देर रात तक संगीत और भक्ति की लहरियों में डूबे रहे।
Discover more from HadotiNews24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
