बांदीकुई/दौसा। क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश से जलाशयों और नदियों में पानी की आवक बढ़ गई है। गुरुवार सुबह तक रैहड़िया बांध अपनी कुल क्षमता के करीब पहुँच गया। वहीं, 15 साल बाद बांदीकुई क्षेत्र की जीवनरेखा कही जाने वाली बाणगंगा नदी में पानी आने से ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई। 15 साल बाद बाणगंगा नदी में बहा पानी, ग्रामीणों ने चुनरी ओढ़ाकर की पूजा
रैहड़िया बांध में 14.6 फीट तक पानी भरा
क्षेत्र का सबसे बड़ा रैहड़िया बांध गुरुवार सुबह तक 14.6 फीट पानी से भर चुका था, जबकि इसकी कुल क्षमता 15 फीट है। सिंचाई विभाग के एईएन विशाल सैनी ने बताया कि अलवर जिले की सरसा माता के पास के नाले और पहाड़ियों से लगातार पानी आने के कारण बांध का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। केवल 6 इंच और पानी भरने के बाद बांध से पानी का प्रवाह शुरू हो जाएगा।
सड़क मार्ग पर यातायात रोका गया
लगातार हो रही बारिश से बांदीकुई-दौसा सड़क मार्ग पर भाकरी के पास सूरी नदी में पानी आने के कारण पुलिया के ऊपर से पानी बहने लगा। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर इस मार्ग पर यातायात रोक दिया है।
15 साल बाद बाणगंगा नदी में बहा पानी
बांदीकुई क्षेत्र की जीवनरेखा कही जाने वाली बाणगंगा नदी में इस बार 15 साल बाद पानी आया। गुरुवार सुबह जैसे ही नदी में पानी बहना शुरू हुआ, ग्रामीणों ने चुनरी ओढ़ाकर नदी का स्वागत किया और खुशियां मनाईं। लगातार बारिश के चलते नदी में पानी की आवक बढ़ गई है।
जलदाय विभाग ने जताई राहत की उम्मीद
जलदाय विभाग के एईएन हरीश सैनी ने बताया कि बाणगंगा नदी पर बने नलकूपों से बांदीकुई शहर को पेयजल आपूर्ति की जाती है। नदी में पानी आने से क्षेत्र का जलस्तर बढ़ेगा, जिसका असर अगले एक माह में देखने को मिलेगा। इससे पेयजल संकट काफी हद तक दूर होने की उम्मीद है।
Discover more from HadotiNews24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
