जयपुर। Sawai Mansingh (एसएमएस) अस्पताल में सोमवार से सर्वर की तकनीकी खराबी के कारण मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दवाई काउंटर और बिल काउंटर पर सर्वर डाउन रहने से लंबी कतारें लग गईं। मंगलवार को भी यह समस्या जारी रही, जिसके चलते मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ा। जयपुर के सबसे बड़े अस्पताल में तकनीकी खराबी, 3:30 बजे तक खुला दवाई काउंटर
काउंटर पर काम कर रहे ऑपरेटरों ने बताया कि सर्वर की धीमी गति से चलने की वजह से ओपीडी पर्ची बनाने, दवाइयों की एंट्री करने और जांचों के बिल काटने में दिक्कत हो रही है। स्थिति यह रही कि दोपहर 2 बजे के बाद दवाई लेने पहुंचे मरीजों को आधे से एक घंटे तक इंतजार करना पड़ा।
3:30 बजे तक खुला रखना पड़ा दवाई काउंटर
आमतौर पर दवाई वितरण (DDC) काउंटर का समय दोपहर 2 बजे तक का होता है, लेकिन सर्वर समस्या के कारण मंगलवार को इसे 3:30 बजे तक खोलना पड़ा। ऑपरेटरों ने बताया कि यह परेशानी सोमवार से शुरू हुई थी और अब तक जारी है। इसके चलते हजारों मरीजों को दवाई लेने और बिल कटवाने में दिक्कतें उठानी पड़ीं।
मरीजों और उनके परिजनों का कहना है कि अस्पताल प्रशासन को तकनीकी खामियों को तुरंत दूर करना चाहिए, ताकि इलाज और दवा वितरण में बाधा न आए।
Discover more from HadotiNews24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
